बाल संरक्षण और महिला सुरक्षा को लेकर एएचटी/एसजेपीयू की मासिक गोष्ठी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी)/एसजेपीयू की मासिक समन्वय गोष्ठी एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित हुई। क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने बाल संरक्षण, महिला सुरक्षा, मानव तस्करी और बालश्रम की रोकथाम पर चर्चा की।
बैठक में गुमशुदा बच्चों की बरामदगी, बाल रेस्क्यू अभियान, बालश्रम एवं भिक्षावृत्ति की रोकथाम, मानव तस्करी और अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही पॉक्सो एक्ट, किशोर न्याय अधिनियम-2015 और बाल संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों के अनुपालन को लेकर प्रशिक्षण दिया गया।
अधिकारियों को नाबालिग पीड़ितों के मेडिकल परीक्षण, बयान, सीडब्ल्यूसी के समक्ष प्रस्तुतिकरण तथा संबंधित प्रपत्रों की प्रक्रिया समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों को बाल संरक्षण मामलों में निर्धारित प्रक्रिया और उच्चाधिकारियों के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया।
बैठक में 1098, 1090, 181, 108, 102, 101, 112 और 1930 हेल्पलाइन नंबरों के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए गए।
गोष्ठी में एएचटी, अभियोजन, स्वास्थ्य, श्रम, शिक्षा विभाग, किशोर न्याय बोर्ड, चाइल्ड हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित जनपद के बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। सभी ने बाल संरक्षण एवं महिला सुरक्षा के लिए विभागों के बीच समन्वय को और मजबूत करने पर सहमति जताई।




