महराजगंज आवास पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सुनीं जनता की समस्याए,अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण समाधान के दिये निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने शनिवार को महराजगंज स्थित अपने आवास के कैंप कार्यालय पर जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं। सुबह से ही विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं उनके समक्ष रखीं। पंकज चौधरी ने लोगों की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समस्याओं के नियमानुसार एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान का भरोसा दिलाया।
जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग अपनी व्यक्तिगत और सार्वजनिक समस्याओं को लेकर कैंप कार्यालय पहुंचे। किसी ने सड़क, बिजली, पानी और जलनिकासी की समस्या रखी तो किसी ने राजस्व, पुलिस, पेंशन, आवास, राशन तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतें एवं मांगें सामने रखीं। लोगों ने अपने क्षेत्र की विकास संबंधी जरूरतों से भी केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री को अवगत कराया।
पंकज चौधरी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान कराना जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। पात्र लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार आम लोगों के जीवन को सुगम बनाने के लिए विकास कार्यों को गति दे रही है। सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
जनसुनवाई में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पंकज चौधरी को प्रार्थना पत्र भी सौंपे। उन्होंने कई मामलों में मौके से ही संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं जिन मामलों में तत्काल निर्णय संभव नहीं था, उनमें संबंधित विभाग को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया गया।
पंकज चौधरी ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से भी क्षेत्र की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझें और पात्र लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने के साथ ही जनसेवा के कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
जनसुनवाई के दौरान कैंप कार्यालय में लोगों की आवाजाही बनी रही। पंकज चौधरी ने स्पष्ट किया कि जनसरोकार से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक स्तर पर प्रभावी पैरवी की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, पूर्व जिलाध्यक्ष समीर त्रिपाठी, सानन्दन पटेल, दिनेश जायसवाल, बैजनाथ पटेल, राकेश अग्रहरी, कृष्ण गोपाल जायसवाल, अरुणेश शुक्ला, रमेश बर्मा, नरेंद्र बहादुर सिंह, गोविंद जायसवाल समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।




