
महराजगंज।(न्यूज पैच)। भगवती प्रसाद मेमोरियल फार्मेसी कॉलेज कटका का शुक्रवार को पूर्व निदेशक, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज आजमगढ़ डॉ. एस.पी. पांडेय ने का विशेष शैक्षणिक भ्रमण एवं निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. पांडेय ने महाविद्यालय के विभिन्न विभागों, प्रयोगशालाओं, कक्षाओं एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थान में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं, अनुशासन एवं विद्यार्थियों के अध्ययन वातावरण की सराहना की।
डॉ. एस.पी. पांडेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि फार्मेसी शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण तकनीकी एवं व्यावसायिक ज्ञान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को मेहनत, अनुशासन एवं निरंतर सीखने की प्रेरणा दी तथा शोध आधारित शिक्षा पर विशेष जोर दिया।
संस्थान के निदेशक डॉ. मनीष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण फार्मेसी शिक्षा एवं आधुनिक तकनीकी ज्ञान प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि अनुभवी शिक्षाविदों के मार्गदर्शन से छात्रों को नई प्रेरणा एवं बेहतर शैक्षणिक दिशा प्राप्त होती है।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय प्रशासन की ओर से डॉ. एस.पी. पांडेय को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
सुनील कुमार श्रीवास्तव




