विंध्याचल त्रिपाठी ने पिछड़े क्षेत्र में जलाई शिक्षा की ज्योति
25वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धापूर्वक किया गया स्मरण, पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

भिटौली, महराजगंज।(न्यूज पैच)। घुघली विकासखंड के पंडितपुर गोड़धोवा स्थित वी.पी. त्रिपाठी इंटर कॉलेज के संस्थापक प्रबंधक एवं संस्कृत के विद्वान स्वर्गीय विंध्याचल त्रिपाठी की 25वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रबंधक आशुतोष त्रिपाठी और संचालक चंद्रमौली त्रिपाठी ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्णगोपाल उपाध्याय ने कहा कि समाज के लिए नेक कार्य करने वाले लोग हमेशा याद किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि विंध्याचल त्रिपाठी का उद्देश्य क्षेत्र के गरीब और पिछड़े लोगों तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाना था। इसी उद्देश्य से उन्होंने विद्यालय की स्थापना की।
उन्होंने कहा कि विद्यालय के माध्यम से आज क्षेत्र में इंटर स्तर पर कला और विज्ञान वर्ग की शिक्षा उपलब्ध हो रही है। इसका सबसे बड़ा लाभ क्षेत्र की बालिकाओं को मिला है, जिन्हें उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ता।
दिनेश दुबे ने विंध्याचल त्रिपाठी को गरीबों का मसीहा बताते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
पुण्यतिथि पर किया पौधारोपण
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के संरक्षक चंद्रमौली त्रिपाठी, प्रबंधक आशुतोष त्रिपाठी और कृतिमान त्रिपाठी ने पौधारोपण भी किया। वक्ताओं ने पौधारोपण को पुनीत कार्य बताते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान शैलेंद्र दुबे, श्रीनिवास दुबे, सुरेश दुबे, कृष्ण कुमार दुबे, महेंद्रनाथ दुबे, रामप्रीत पासवान, ओमेश्वर पांडेय, रविकेश गुप्ता, केशरीनंदन, अलाउद्दीन, जय गोविंद, अस्मिता त्रिपाठी, पूनम पटेल, संजना, फरिना, उजाला, वंदना सहित विद्यालय परिवार और क्षेत्र के अन्य लोग मौजूद रहे।




