नेपाल में आकस्मिक बाढ़ की सूचना के दृष्टिगत महाराजगंज में सतर्कता बढ़ाई गई
गंडक नदी के जलस्तर पर 24×7 निगरानी, नदी तटीय एवं निचले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता के निर्देश

महाराजगंज।(न्यूज पैच)। नेपाल के रसुवा जिले के सीमावर्ती टिमुरे क्षेत्र में तिब्बत की ओर से अचानक अत्यधिक मात्रा में जलप्रवाह आने के कारण भोटेकोशी नदी में आकस्मिक बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने तथा टिमुरे बाजार एवं आसपास के नदी तटीय क्षेत्रों में क्षति की प्रारंभिक सूचना के दृष्टिगत जनपद महाराजगंज में जिलाधिकारी श्री गौरव सिंह सोगरवाल द्वारा विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।
प्राप्त सूचनाओं के अनुसार आज प्रातः लगभग 09:00 बजे नेपाल के टिमुरे क्षेत्र में अचानक आए अत्यधिक जलप्रवाह के कारण भोटेकोशी नदी का जलस्तर बढ़ा है। उक्त जलप्रवाह का प्रभाव आगे भोटेकोशी–त्रिशूली नदी तंत्र के माध्यम से निचले क्षेत्रों में पड़ने की संभावना को देखते हुए जनपद में गंडक नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।
जिलाधिकारी महोदय के निर्देश पर संबंधित तहसीलों, राजस्व विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ तथा अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। नदी तटीय एवं निचले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं।
जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से विशेष अपील की गई है कि नदी तटीय एवं निचले क्षेत्रों में रहने वाले नागरिक सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से नदी, नालों अथवा जलभराव वाले क्षेत्रों के समीप न जाएं। जलस्तर बढ़ने या प्रशासन द्वारा चेतावनी जारी किए जाने की स्थिति में तत्काल सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों की ओर चले जाएं। बच्चों, बुजुर्गों तथा पशुओं को नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से रोकें।किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और केवल जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।
जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर 24×7 निगरानी रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (DEOC), महाराजगंज से तत्काल संपर्क कर सकते हैं। साथ ही आपातकालीन संपर्क नंबर 05523-222162, 1077 — आपदा हेल्पलाइन, 9628819145, 9621333537 पर सम्पर्क कर आवश्यक सूचना अथवा सहायता प्राप्त कर सकते हैं।




