राशन वितरण की तारीख बढ़ी, अब 25 अगस्त तक मिलेगा मुफ्त खाद्यान्न
अगस्त माह के खाद्यान्न का वितरण 18 के बजाय 25 अगस्त तक जारी रहेगा, ई-पॉस मशीन से मिलेगा राशन

महराजगंज।(न्यूज पैच)। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत अगस्त माह के लिए आवंटित खाद्यान्न के निःशुल्क वितरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 अगस्त 2026 कर दी गई है। खाद्य एवं रसद विभाग के निर्देश के बाद जिला पूर्ति अधिकारी ने जिले के सभी राशनकार्डधारकों को इसकी जानकारी दी है।
पहले अगस्त माह के खाद्यान्न वितरण की निर्धारित तिथि 18 अगस्त तक थी। अब कार्डधारक 25 अगस्त तक अपने संबंधित उचित दर विक्रेता यानी राशन की दुकान से निर्धारित खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे।
ई-पॉस मशीन से मिलेगा राशन
जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी राशनकार्डधारकों से अपील की है कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी राशन की दुकान पर पहुंचकर ई-पॉस मशीन के माध्यम से आवश्यक खाद्यान्न प्राप्त करना सुनिश्चित करें।
विभाग ने कार्डधारकों को सलाह दी है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते राशन प्राप्त कर लें।
OTP से भी वितरण की सुविधा
विभाग के अनुसार मोबाइल ओटीपी के माध्यम से राशन प्राप्त करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। यह सुविधा पूर्व निर्धारित तिथि 18 अगस्त के साथ-साथ अब 25 अगस्त 2026 को भी उपलब्ध रहेगी।
इससे उन पात्र कार्डधारकों को भी राशन प्राप्त करने में सुविधा होगी, जो किसी कारण से निर्धारित अवधि में ई-पॉस प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके हैं।
जिला पूर्ति विभाग ने सभी राशनकार्डधारकों से 25 अगस्त तक निःशुल्क खाद्यान्न प्राप्त करने की अपील की है।




