संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम सख्त, 53 में तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण
सिंचाई खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता की अनुपस्थिति पर वेतन रोकने के निर्देश, प्रमुख सचिव को पत्र भेजने को कहा

महराजगंज।(न्यूज पैच)। तहसील फरेंदा सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 53 मामले सामने आए, जिनमें जिलाधिकारी ने तीन मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया।
शेष मामलों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रकरण में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए।
अधिकारी की अनुपस्थिति पर डीएम नाराज
समाधान दिवस में सिंचाई खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अग्रिम आदेश तक संबंधित अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
डीएम ने लगातार समाधान दिवस में अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए प्रमुख सचिव सिंचाई को पत्र के माध्यम से मामले से अवगत कराने के निर्देश भी दिए।
‘समाधान दिवस को गंभीरता से लें अधिकारी’
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि संपूर्ण समाधान दिवस में संबंधित अधिकारी अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें और जनशिकायतों को गंभीरता से लें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न हो, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक और संतोषजनक समाधान मिलना चाहिए।
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने भी जनशिकायतों के निस्तारण में आवश्यक पुलिस कार्रवाई को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
अधिकारी रहे मौजूद
संपूर्ण समाधान दिवस में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, एसडीएम फरेंदा प्रेम शंकर पांडेय, तहसीलदार फरेंदा वशिष्ठ वर्मा, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




