साइबर ठगी के शिकार पीड़ित को चौक पुलिस ने लौटाए ₹4 हजार, साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई से मिली राहत

महराजगंज।(न्यूज पैच)। साइबर अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना चौक पुलिस एवं साइबर सेल ने एक पीड़ित के खाते में ₹4,000 की ठगी गई धनराशि वापस कराकर राहत दिलाई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार 04 अगस्त 2026 को सत्येन्द्र साहनी, पुत्र वकील साहनी, निवासी ग्राम धर्मपुर, थाना चौक, जनपद महराजगंज, साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। घटना के बाद उन्होंने तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत संख्या 33108260193775 के आधार पर थाना चौक की साइबर सेल ने कार्रवाई शुरू की।
साइबर सेल की टीम ने संबंधित संदिग्ध बैंक खाते में धनराशि होल्ड कराते हुए बैंक प्रबंधन से समन्वय स्थापित किया। त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप 07 अगस्त 2026 को पीड़ित के खाते में ₹4,000 की पूरी राशि सफलतापूर्वक वापस करा दी गई।
कार्रवाई करने वाली टीम
उपनिरीक्षक अंकित कुमार राय, कम्प्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए प्रिया सिंह, कांस्टेबल विशाल प्रजापति
महराजगंज पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि वे किसी भी प्रकार के साइबर अपराध का शिकार होते हैं, तो बिना विलंब साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या www.cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत करें। इसके अलावा अपने नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क पर भी संपर्क किया जा सकता है।




