18 वर्षीय छात्र का शव आम के पेड़ से लटका मिला, गांव में सनसनी

सिन्दुरिया (महराजगंज)।(न्यूज पैच)। सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्रामसभा नदुआ में सोमवार सुबह 18 वर्षीय छात्र का शव गांव के पश्चिम स्थित सिवान में एक आम के पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, संगम चौहान (18) पुत्र रमेश चौहान, रविवार रात घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह गांव से करीब 500 मीटर पश्चिम सिवान की ओर गए ग्रामीणों ने उसका शव आम के पेड़ से लटका देखा। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही बागापार चौकी प्रभारी नागेंद्र मणि पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
जांच के दौरान मृतक के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि संगम कक्षा 11 का छात्र था और दो भाइयों में बड़ा था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां बिहुला, छोटे भाई प्रिंस तथा बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रमोद कुमार मौर्य




