निर्वतमान ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्यो के कार्यकाल की आयोजित हुई आखिरी बैठक,मुख्य अतिथि के तौर पर सदर विधायक ने क्षेत्र के विकास मे सक्रिम भूमिका निभाने का आह्वान

महाराजगंज।(न्यूज पैच)। सदर विकास खंड सभागार में शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं प्रधानों की अंतिम मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों को गति देने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि जिस प्रकार अब तक आपसी सामंजस्य और सहयोग की भावना से विकास खंड के कार्य संपन्न होते रहे हैं, उसी प्रकार आगे भी सभी जनप्रतिनिधि मिलकर क्षेत्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य ग्रामीण विकास की मजबूत नींव हैं तथा उनके सहयोग से ही शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है।
विधायक ने कहा कि सदर विकास खंड में जनप्रतिनिधियों को स्वतंत्र एवं पारदर्शी ढंग से कार्य करने का अवसर मिला। सांसद और विधायक स्तर से किसी प्रकार का अनावश्यक हस्तक्षेप नहीं किया गया, जिससे विकास कार्यों को गति मिली। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों से आगामी चुनावों में भी एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में कार्य करने और कमल का फूल खिलाने का आह्वान किया।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख सोनी कश्यप ने सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग की सराहना की और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से विकास खंड में अनेक जनहितकारी कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुए हैं।
बैठक का संचालन ग्राम विकास अधिकारी राजेश सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रमुख प्रतिनिधि राम प्रीत गुप्ता, इंजीनियर विवेक गुप्ता, परियोजना निदेशक राम दरश तथा सांसद प्रतिनिधि जगदीश मिश्रा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विकास कार्यों में समन्वय और जनभागीदारी को आवश्यक बताया। बैठक में बड़ी संख्या में क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान तथा विकास खंड के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




