एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत लगाए गये पौधे,पर्यावरण सरंक्षण के साथ हरित विकास का लिया गया संकल्प
विश्व पर्यावरण दिवस के दिन जिला गंगा समिति ने पौधरोपण का चलाया अभियान

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिला गंगा समिति, महराजगंज द्वारा नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बलिया पुल घाट पर “एक पेड़ माँ के नाम – एक कदम हरित भविष्य के नाम” अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसामान्य को पर्यावरण संरक्षण, नदी स्वच्छता, जैव विविधता संवर्धन तथा वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान घाट परिसर एवं नदी तट पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें स्वयंसेवकों, गंगा प्रहरियों, विद्यार्थियों, स्थानीय नागरिकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। प्रतिभागियों ने नदी तट से प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्रित कर स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया।
इसके उपरांत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने का संकल्प है। गंगा एवं उसकी सहायक नदियों के संरक्षण के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है तथा प्रत्येक नागरिक को स्वच्छता और हरित विकास के इस अभियान से जुड़ना चाहिए।




