18 जुलाई को होगा मतदेय स्थलों की अंतिम सूची का प्रकाशन, डीएम ने राजनीतिक दलों के साथ की समीक्षा बैठक
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप शिकायतों और सुझावों के निस्तारण के बाद सूची को दिया जाएगा अंतिम रूप

महराजगंज।(न्यूज पैच)। आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत जनपद के मतदेय स्थलों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान मतदेय स्थलों के सम्भाजन एवं परिवर्तन से संबंधित प्राप्त शिकायतों और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप प्रस्तावित सभी मतदेय स्थलों का संबंधित उपजिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों द्वारा भौतिक सत्यापन कराया जा चुका है। सत्यापन के दौरान प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों का नियमानुसार परीक्षण और निस्तारण करने के बाद अब मतदेय स्थलों की सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 18 जुलाई 2026 को मतदेय स्थलों की अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदेय स्थलों के निर्धारण की पूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न की जा रही है, ताकि प्रत्येक मतदाता को मतदान के लिए सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध हो सके।
उन्होंने बैठक में उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि यदि किसी मतदेय स्थल को लेकर अब भी कोई आपत्ति या सुझाव हो तो उसे तत्काल संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) के समक्ष प्रस्तुत करें, ताकि नियमानुसार उसका परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदेय स्थलों से जुड़ी सभी आवश्यक औपचारिकताएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी करते हुए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में जनपद के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, संबंधित प्रशासनिक अधिकारी तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




