एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत गणेश शंकर विद्यार्थी इंटर कॉलेज में 101 पौधों का रोपण, छात्रों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

महराजगंज।(न्यूज पैच)। शासन के “वृक्षारोपण महायज्ञ-2026” एवं “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज में रविवार को वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य धनंजय सिंह के नेतृत्व में एनएसएस स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स तथा छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर में 101 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान सागौन, महोगनी, नीम, आम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि आज पेड़ लगाए जाएंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित भविष्य मिल सकेगा।
प्रधानाचार्य धनंजय सिंह ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि मानव जीवन का आधार भी हैं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप धरती को हरा-भरा बनाना और पर्यावरणीय प्रदूषण को कम करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों से अपील की कि वे विद्यालय परिसर के साथ-साथ अपने घरों पर भी “एक पेड़ मां के नाम” अवश्य लगाएं और उसकी नियमित देखभाल करें।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के उप प्रधानाचार्य कामाख्या जायसवाल, एनसीसी अधिकारी अखंड प्रताप दुबे, एनएसएस कार्यक्रम प्रभारी मनीष कन्नौजिया, सह कार्यक्रम प्रभारी विजय कुमार, व्यायाम एवं खेल प्रभारी सभाजीत ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी ने मिलकर कैडेट्स एवं स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करते हुए पौधरोपण अभियान को सफल बनाया।
कार्यक्रम में विजय कुमार, गोविन कुमार और राजेश कुमार का योगदान विशेष रूप से सराहनीय रहा। वहीं करन मौर्य, करन कुमार, सतीश शर्मा, महिमा पांडेय, शकीना, मानसी तिवारी, सुंदरी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण में भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि ऐसे अभियान समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ हरित और स्वच्छ भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।




