भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की कोशिश नाकाम, नेपाल भेजे जा रहे रेडीमेड कपड़ों की बड़ी खेप बरामद; एक गिरफ्तार

महराजगंज।(न्यूज पैच)। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोनौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सीमा पार नेपाल भेजे जा रहे रेडीमेड कपड़ों की एक बड़ी खेप बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद माल को अग्रिम कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में सीमा क्षेत्र में अवैध तस्करी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नौतनवा के पर्यवेक्षण में थाना सोनौली पुलिस ने सीमा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने ग्राम शेख फरेंदा नो-मैन्स लैंड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में रेडीमेड कपड़े बरामद हुए, जिन्हें बिना वैध दस्तावेजों के अवैध रूप से नेपाल ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार बरामद सामान में 140 सूट, 15 साड़ियां और 20 लेडीज कुर्तियां शामिल हैं। प्राथमिक जांच में यह सामने आया कि इन कपड़ों को सीमा पार नेपाल पहुंचाने की तैयारी थी। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध कस्टम अधिनियम की धारा 113 के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए जब्त माल को आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा भेज दिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अनुप जायसवाल, निवासी ग्राम महुअवा, थाना सोनौली, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा बरामद कपड़ों को नेपाल में किसके पास पहुंचाया जाना था।
इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक दिलीप कुमार एवं कांस्टेबल शिवाकांत सिंह ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार लगातार जारी रहेगा और सीमा पार अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




