पुलिस भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने की तैयारी तेज, एडीएम व एएसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद में आयोजित होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को अपर जिलाधिकारी डॉ प्रशान्त कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज, महामाया आईटी पॉलिटेक्निक तथा महराजगंज इंटरमीडिएट कॉलेज का भ्रमण किया। इस दौरान परीक्षा आयोजन से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई तथा केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई।

अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, परीक्षा कक्षों की सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय तथा बैठने की व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान शासन द्वारा निर्धारित सभी मानकों और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए।
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा से जुड़ी सभी जिम्मेदारियों का समयबद्ध एवं गंभीरता के साथ निर्वहन किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर सतर्क निगाह बनाए रखने तथा परीक्षा अवधि में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं शांत वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जनपद प्रशासन एवं महराजगंज पुलिस द्वारा पुलिस भर्ती परीक्षा को पूर्ण निष्पक्षता, सुरक्षा और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान संबंधित थाना प्रभारी, केंद्र व्यवस्थापक तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।




