पनियरा के रतनपुरवां के ककरहिया के पास नहर टूटने से सौ एकड़ फसल हुई जलमग्न

गांगी बाजार, महराजगंज।(न्यूज पैच)। पनियरा विकास खंड के ग्राम पंचायत रतनपुरवां के ककरहिया टोले के पास गुरुवार दोपहर बाद महराजगंज राजवाहा नहर की पटरी टूट जाने से आसपास के खेतों में पानी भर गया । नहर का पानी तेजी से खेतों में फैलने से ग्राम पंचायत रतनपुरवा और मंसूरगंज के लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में लगी धान की फसल जलमग्न हो गई । अचानक खेतों में पानी भरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय किसानों के अनुसार नहर टूटने के बाद तेज बहाव के कारण कुछ ही देर में बड़ी मात्रा में पानी खेतों में पहुंच गया। इससे धान की नई रोपाई पूरी तरह पानी में डूब गई। किसानों का कहना है कि यदि जल्द पानी की निकासी नहीं हुई तो फसल को भारी नुकसान हो सकता है।
किसान विजय कुमार सिंह ने बताया कि उनकी करीब पांच बीघा धान की फसल जलमग्न हो गई है। वहीं किसान बेचन राम, बच्चन, संजय सिंह सहित कई अन्य किसानों के खेत भी पानी में डूब गए हैं। प्रभावित किसानों ने सिंचाई विभाग से तत्काल राहत एवं नहर की मरम्मत कराने की मांग की है।
उधर , सिंचाई विभाग के अवर अभियंता देव कुशवाहा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि किसी किसान द्वारा पानी निकालने के उद्देश्य से नहर की पटरी काट दी गई थी। इसके बाद तेज बहाव के कारण कटाव बढ़ गया और पटरी टूट गई। उन्होंने बताया कि मरम्मत के लिए जेसीबी मशीन बुलाई गई थी, लेकिन बारिश के कारण कार्य में बाधा आ रही है।
अवर अभियंता ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नहर के पानी को कई स्थानों पर माइनर नहरों में डायवर्ट किया गया है, ताकि प्रभावित क्षेत्र में पानी का दबाव कम हो सके। विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और पटरी को जल्द से जल्द बांधकर नहर को सुरक्षित करने का प्रयास किया जा रहा है ।
औसाफ आलम खां सोनू




