जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की प्राथमिकता : पंकज चौधरी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शनिवार को महराजगंज स्थित अपने कैम्प कार्यालय पर जनसुनवाई कर क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, बिजली, राजस्व, पुलिस, चिकित्सा, पेंशन, आवास तथा अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं और मांगों से मंत्री को अवगत कराया।
फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए पंकज चौधरी ने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर मामलों के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए और आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन एवं सेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करना है।
उन्होंने कहा, “जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याओं को सीधे जानने और उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों तक पहुंचाने का अवसर मिलता है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और लोगों को पारदर्शी एवं संवेदनशील प्रशासन उपलब्ध हो।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गरीब, किसान, युवा, महिला तथा समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने की अपेक्षा जताई।
इस दौरान सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया भी मौजूद रहे। उनके साथ भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कैम्प कार्यालय पर सुबह लोगों के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा और केंद्रीय मंत्री ने एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्याएं सुनकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।




