ओवरहेड टैंक पर चढे़ तो खैर नहीं, जल निगम करेगा कार्रवाई
सोशल मीडिया रील के चक्कर में जान जोखिम में डाल रहे युवा, बातों को मनवाने के लिए ओवरहेड टैंक बना सहारा

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिले में ओवरहेड टैंक पर चढ़ने की घटनाओं को देखते हुए जन निगम अब सतर्क हो गया है। कोई टैंक पर चढ़ेगा तो सबसे पहले उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) की ओर से दिशा निर्देश जारी किए जा चुके हैं। महराजगंज शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में कई युवतियां और युवक ओवरहेड टैंक पर चढ़कर अपनी बातों को मनवाने का दबाव बनाते थे। अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण ने विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट किया है कि जल जीवन मिशन के तहत बनी ये टंकियां लोकहित की संपत्ति हैं। इनके साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं होगी।
पिछले कुछ महीनों में महराजगंज शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में कई मामले सामने आए हैं। युवतियां और युवक अपनी मांगों को मनवाने के दबाव के लिए या फिर रील-वीडियो बनाने के लिए ऊंची जल टंकियों पर चढ़ जा रहे थे। घंटों तक टैंक पर बैठकर प्रशासन का ध्यान खींचने की कोशिश की जाती थी। जल निगम के अनुसार यह कृत्य न केवल जानलेवा है बल्कि सरकारी संपत्ति की सुरक्षा और पेयजल आपूर्ति को भी प्रभावित करता है। एक छोटी सी चूक से बड़ी दुर्घटना हो सकती है।जल निगम ने जारी किए निर्देश
अधिशासी अभियंता ने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत जनपद के विभिन्न विकास खण्डों में ग्रामीण पेयजल योजनाओं का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इन योजनाओं से नियमित पेयजल आपूर्ति भी की जा रही है। इनके अंतर्गत निर्मित एवं निर्माणाधीन शिरोपरि जलाशय और अन्य परियोजना परिसंपत्तियां महत्वपूर्ण सरकारी संरचनाएं हैं।संज्ञान में आया है कि कुछ लोग इन टैंकों पर चढ़कर वीडियो और रील बना रहे हैं। यह अत्यंत जोखिमपूर्ण और असुरक्षित है। इससे कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है और परियोजना के संचालन पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
जल निगम ने जनमानस से अपील की है कि वे किसी भी स्थिति में जल जीवन मिशन की परिसंपत्तियों जैसे शिरोपरि जलाशयों, पम्प हाउस और कैम्पस के अंदर अनाधिकृत प्रवेश न करें। सोशल मीडिया के लिए वीडियो या रील बनाने का प्रयास भी न करें। अभिभावकों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने बच्चों और युवाओं को ऐसे खतरनाक कृत्यों से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। टैंक की ऊंचाई और बिजली के उपकरणों के कारण हादसे की संभावना हमेशा बनी रहती है।
जल निगम ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में कोई व्यक्ति योजना परिसर में अनाधिकृत प्रवेश करता है, वीडियो-रील बनाता है या शासकीय संपत्तियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करता है, तो उसके खिलाफ प्रचलित विधिक प्रावधानों के अंतर्गत दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए थानों को भी पत्र लिखा गया है।अधिकारियों का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए टैंक पर चढ़ना समाधान नहीं है। इसके लिए संबंधित विभाग में प्रार्थना पत्र दिया जा सकता है। जल निगम जनता से सहयोग की अपील कर रहा है ताकि पेयजल योजनाएं सुचारू रूप से चल सकें।




