डीएम ने किया देवदह पर्यटन परियोजना का स्थलीय निरीक्षण

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने आज नौतनवा तहसील क्षेत्र के ग्राम बनरसिया कला स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के देवदह पर्यटन परियोजना क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर वहां संचालित विकास एवं पर्यटन संबंधी कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने देवदह में राज्य पुरातत्व विभाग द्वारा संचालित उत्खनन कार्य की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि उत्खनन का प्रथम चरण सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुका है तथा द्वितीय चरण के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कर लिया गया है, जिसे शीघ्र ही विभाग को प्रेषित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अब तक हुए उत्खनन में उत्तर मौर्य काल से लेकर गुप्तकाल तक की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक सामग्री तथा साक्ष्य प्राप्त हुए हैं, जो इस स्थल की ऐतिहासिक महत्ता को प्रमाणित करते हैं। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने विपश्यना हॉल तथा सरोवर के सुंदरीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रथम स्तूप, द्वितीय स्तूप तथा सरोवर क्षेत्र को एकीकृत करते हुए समग्र विकास की कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्राप्त हो सके। इसके लिए आवश्यक भूमि क्रय का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने सरोवर के सुंदरीकरण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर इस माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना क्षेत्र की आकर्षकता बढ़ाने के लिए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने पर्यटन अधिकारी को निर्देशित किया कि देवदह परियोजना तक पर्यटकों की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सीधा संपर्क मार्ग विकसित किए जाने का प्रस्ताव धर्मार्थ कार्य विभाग को भेजा जाए। साथ ही परियोजना स्थल पर भगवान बुद्ध की भव्य प्रतिमा स्थापित किए जाने की कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाए। पर्यटन की संभावनाओं को और अधिक विस्तार देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी नौतनवा को हेलीपैड निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास से यह स्थल राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटकों को आकर्षित करने में सक्षम होगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि देवदह बौद्ध परिपथ का एक महत्वपूर्ण केंद्र है तथा यहां देशी एवं विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने की अत्यधिक संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के स्थल को आदर्श पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए समन्वित एवं प्रभावी प्रयास किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी नौतनवा नवीन कुमार, पर्यटन अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी लक्ष्मीपुर मृत्युंजय यादव, नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




