ऑपरेशन सिंदूर के तहत एनसीसी ने जगाई देशभक्ति की अलख, पूर्व सैनिकों का किया सम्मान

महराजगंज।(न्यूज पैच)। ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत 07 मई से 10 मई 2026 तक 102 यूपी बीएन एनसीसी गोरखपुर द्वारा देशभक्ति, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में एनसीसी कैडेट्स, पूर्व सैनिकों एवं अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत एनसीसी कैडेट्स द्वारा सेरेमोनियल यूनिफॉर्म में ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ की गई। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता एवं सेवा भावना का संदेश दिया।
इसके पश्चात पूर्व सैनिकों (Veterans) के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कैडेट्स ने सेना के अनुभवों, अनुशासन एवं देशसेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। पूर्व सैनिकों को सम्मानित कर उनके योगदान के प्रति आभार भी व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत देशभक्ति एवं सैन्य प्रेरणा पर आधारित फिल्म प्रदर्शन (Film Screening) भी किया गया। फिल्म प्रदर्शन के बाद कैडेट्स एवं अधिकारियों के बीच प्रेरणादायक चर्चा एवं विचार-विमर्श आयोजित हुआ।
एनसीसी अधिकारी राकेश कुमार साहनी ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन एवं सेवा भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स मयंक पांडेय, अर्जुन, विनीत कुमार, आकर्ष पटेल, अंकिता चौधरी, खुशबू, लवली, आरशिब सहित अन्य कैडेट्स उपस्थित रहे।
अभिषेक पाण्डेय




