विश्वकर्मा जयंती पर लाभार्थियों को बांटी गई टूलकिट, स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित
सेवा संकल्प अभियान के तहत विकास भवन में आयोजित हुआ कार्यक्रम, विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मिले टूलकिट और प्रमाणपत्र

महराजगंज।(न्यूज पैच)। सेवा संकल्प अभियान के तहत विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर विकास भवन सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को टूलकिट और प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया और भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना को शिल्पकारों और कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने लाभार्थियों से योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार को आगे बढ़ाने की अपील की।
सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि हर व्यक्ति को सरकारी नौकरी देना संभव नहीं है, लेकिन स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से विभिन्न स्वरोजगारपरक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि शिल्पकार देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचकर लोगों को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना है।
जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल ने भी प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं दीं और लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के 50 लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की गई। इसके अलावा ODOP, मुख्यमंत्री युवा योजना और मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के लाभार्थियों को भी टूलकिट प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया।
अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, भाजपा जिला महामंत्री सहित बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।




