तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता देशभक्ति की भावना को जागृत करने का सशक्त माध्यम : डा. हरिन्द्र यादव
तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता में रिया, रागिनी और आसमिन प्रथम

सिन्दुरिया, महराजगंज।(न्यूज पैच)। नगर पंचायत चौक बाजार स्थित दिग्विजयनाथ इंटरमीडिएट कॉलेज में शासन की मंशा के अनुरूप एवं जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा के निर्देश के क्रम में तथा हर घर तिरंगा अभियान- 2026 के प्रथम चरण के अंतर्गत प्रातः कालीन प्रार्थना सभा में छात्र / छात्राओं को संबोधित करते हुए शिक्षक बिनोद कुमार विमल ने 8 अगस्त 1942 भारत छोड़ो आंदोलन की महत्ता के विषय पर छात्र /छात्राओं को जानकारी देते हुए कहा कि भारत छोड़ो आंदोलन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का एक निर्णायक मोड़ था, जिसने पूर्ण स्वतंत्रता की मांग को सबसे आगे रखा, आम जनता में भारी आत्मविश्वास जगाया।साथ ही साथ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के नेतृत्व में करो या मरो के नारे ने देशवासियों में अदम्य साहस और बलिदान की भावना भर दी और ब्रिटिश हुकूमत को यह अहसास करा दिया कि अब भारत पर शासन करना असंभव है।इसी क्रम में विद्यालय के छात्र / छात्राओं द्वारा विद्यालय के दीवारों एवं बोर्डो पर तिरंगा सजावट एवं तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्राओं की पांच टीमों ने प्रतिभाग किया।जिसमें रिया, रागिनी और आसमिन की टीम प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का संयोजन कृष्णानन्द शुक्ला द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं सभी छात्र छात्राएं उपस्थित रहें।
प्रमोद कुमार मौर्य




