राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर न्यायिक अधिकारियों की बैठक
12 सितंबर को होने वाली लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों के निस्तारण पर जोर

महराजगंज।(न्यूज पैच)। आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने और अधिक से अधिक मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को जनपद न्यायालय परिसर में न्यायिक अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी ज्ञानेन्द्र राव ने की।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महराजगंज के निर्देशों के क्रम में आयोजित बैठक में 12 सितंबर 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवेन्द्र प्रताप सिंह ने न्यायिक अधिकारियों के साथ लोक अदालत की तैयारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक वादों का निस्तारण आपसी सुलह एवं समझौते के आधार पर कराने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।
सम्मन और नोटिस की तामील पर विशेष जोर
बैठक में न्यायालयों से जारी होने वाले सम्मन और नोटिस की तामील को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक सम्मन एवं नोटिस की कम से कम दो बार तामील कराने का प्रयास किया जाए और इसकी प्रविष्टि संबंधित पंजिका में अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए।
सम्मन सेल को भेजे जा रहे सभी नोटिस एवं सम्मनों की समय से तामील सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि राष्ट्रीय लोक अदालत के दिन अधिक से अधिक मामलों में पक्षकारों की उपस्थिति सुनिश्चित हो सके और मामलों का निस्तारण कराया जा सके।
न्यायिक अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
बैठक में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मुकेश कुमार यादव, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट/प्रभारी सचिव देवेन्द्र प्रताप सिंह, सिविल जज प्रवर खंड त्वरित न्यायालय दीपक कुमार सिंह, सिविल जज अवर खंड/न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रिया नागर, अपर सिविल जज अवर खंड प्रथम विपाशा घनगोरिया, विभा सिंह एवं नेहा सिंह सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को प्रभावी एवं सफल बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देशों के साथ बैठक संपन्न हुई।




