राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण:दीपेंद्र
छात्रहित, सेवा और संस्कार पर जोर, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं हुए शामिल

महराजगंज।(न्यूज पैच)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद एबीवीपी के 77वें स्थापना दिवस के अवसर पर बहस्पतिवार को जनपद महराजगंज में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि एबीवीपी केवल छात्र संगठन नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त आंदोलन है। राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
मुख्य वक्ता एबीवीपी के प्रांत मीडिया प्रमुख दीपेंद्र मोहन सिंह ने कहा कि परिषद अपने स्थापना काल से ही छात्रहित, शिक्षा की गुणवत्ता, सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि “आज का युवा केवल अपने भविष्य का निर्माता नहीं, बल्कि राष्ट्र के भविष्य का भी निर्माता है। एबीवीपी युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सेवा भाव और राष्ट्र प्रथम की भावना विकसित करने का कार्य कर रही है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक विद्यार्थियों को परिषद से जोड़ें और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और संगठन के कार्यों को पहुंचाएं। राष्ट्रहित के हर अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं। परिषद के कार्यों की दी जानकारी
कार्यक्रम की भूमिका विभाग संयोजक शिवम् नाथ शर्मा ने रखी। उन्होंने परिषद की स्थापना, उद्देश्य और महराजगंज जनपद में चल रहे संगठनात्मक व छात्रहित के कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि परिषद हमेशा विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करती रही है। सेवा, संस्कार और संगठन के माध्यम से समाज जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना ही परिषद का मूल उद्देश्य है।
प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. दिवाकर सिंह ने विशेष रूप से उपस्थित होकर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने संगठन के विस्तार और जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्य करने पर बल दिया।कार्यक्रम का संचालन और आभार
कार्यक्रम का संचालन मनमोहन गुप्ता ने किया। जिला संयोजक कनकी चौधरी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। अंत में जिला प्रमुख डॉ. राहुल सिंह ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं और उपस्थित विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही कार्यक्रम सफल हो सका।
इस अवसर पर डॉ. विजय आनंद मिश्रा, डॉ. ज्योत्सना पांडे, डॉ. चयनिका श्रीवास्तव, राहुल निषाद, अखिल प्रताप सिंह, अंकित रौनियार, सुधीर सहित विभिन्न कॉलेजों से बड़ी संख्या में एबीवीपी के कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




