दूध और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता जांचने को खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान तेज
दो दिनों में 10 नमूने लिए गए, जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष अभियान लगातार जारी है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ, जिलाधिकारी महराजगंज तथा प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के.के. उपाध्याय के निर्देश पर दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता जांचने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने संग्रहित किए।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता की जांच की। अभियान के दौरान महराजगंज शहर स्थित होटल ले ग्रैंड का निरीक्षण किया गया, जहां से पनीर एवं दही के नमूने संग्रहित किए गए।
इसके अतिरिक्त श्यामदेउरवा क्षेत्र में स्थित जायसवाल स्वीट्स का निरीक्षण कर खोया का नमूना लिया गया, जबकि यादव डेयरी से पनीर का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया। वहीं भिटौली क्षेत्र के धर्मपुर स्थित उमेश किराना स्टोर से नैरिस ब्रांड घी का नमूना लेकर परीक्षण हेतु सुरक्षित किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा पूर्व दिवस 18 जून को भी व्यापक अभियान चलाया गया था। आनंदनगर (फरेंदा) क्षेत्र में सिद्धि विनायक स्वीट्स का निरीक्षण कर पनीर एवं खोया के नमूने लिए गए। इसी क्षेत्र में स्थित यादव डेयरी से पनीर और गाय के दूध का नमूना संग्रहित किया गया।
इसके अलावा महराजगंज शहर के फरेंदा रोड स्थित न्यू पवन स्वीट्स का निरीक्षण कर पनीर का नमूना लिया गया।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार दो दिनों के विशेष अभियान के दौरान कुल 10 खाद्य नमूने संग्रहित कर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। विशेष रूप से दूध, पनीर, खोया, दही और घी जैसे उत्पादों की मांग को देखते हुए उनकी गुणवत्ता की नियमित जांच की जा रही है।
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, अंकित सिंह, हिमांशु जयंत तथा पवन गौड़ शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ऐसे निरीक्षण और नमूना संग्रहण अभियान आगे भी जारी रहेंगे।




