
महाराजगंज,(न्यूज पैच)। सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आयोजित चौपाल कार्यक्रमों में जनसमस्याएं सुनीं तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने भ्रष्टाचार और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए गांव, गरीब, किसान, युवा एवं महिलाओं के उत्थान के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, सिंचाई सुविधाओं तथा कृषि संबंधी आधुनिक संसाधनों का लाभ मिल रहा है। वहीं युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए गए हैं।विधायक ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा दिया गया है। उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण तथा मातृ एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है, जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ी है और विकास कार्यों को गति मिली है।
चौपाल के दौरान विधायक ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा और क्षेत्र का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की संयुक्त जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में प्रमुख प्रतिनिधि राम हरख गुप्ता, मंडल अध्यक्ष अशोक पटेल, मंडल महामंत्री राजन गुप्ता ,प्रधान संदेश पटेल शैलेन्द्र पटेल, जितेंद्र पटेल, अशोक विश्वकर्मा, रामपत साहनी, बृजकिशोर पटेल अमित त्रिपाठी, परशुराम जायसवाल, के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण, भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आर्यन श्रीवास्तव




