एन एच 730 को फोरलेन में बदलने की प्रक्रिया तेज: जयमंगल
क्रॉसर:- केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री /प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की पहल

महाराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद के विकास को नई गति देने वाली एक महत्वपूर्ण पहल के तहत परतावल-महाराजगंज मार्ग रा मा संख्या 730 को फोर लेन में विकसित किए जाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया के प्रयासों तथा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं भारत सरकार के केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी की पहल पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस संबंध में सकारात्मक कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार कुछ माह पूर्व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से 16 मई को मुलाकात कर रा मा संख्या 730 परतावल-महाराजगंज मार्ग को फोर लेन में परिवर्तित किए जाने की मांग उठाई थी। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की बढ़ती आबादी, यातायात के दबाव तथा आर्थिक गतिविधियों को देखते हुए सड़क के चौड़ीकरण की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की थी। साथ ही इस संबंध में एक मांग पत्र भी सौंपा गया था।अब केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा भेजे गए पत्र में बताया गया है कि रा मा संख्या 730 परतावल-महाराजगंज मार्ग को फोर लेन में विकसित किए जाने के प्रस्ताव पर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
यह सूचना सामने आते ही क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है।सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि परतावल-महाराजगंज मार्ग जनपद की प्रमुख सड़कों में से एक है, जिस पर प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है। फोर लेन बनने से यातायात सुगम होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा क्षेत्र के व्यापार, उद्योग और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने इसके लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी तथा केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी का आभार व्यक्त किया।
वहीं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार देशभर में सड़क अवसंरचना को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। परतावल-महाराजगंज मार्ग के फोर लेन बनने से न केवल महाराजगंज जनपद को लाभ मिलेगा, बल्कि नेपाल सीमा से जुड़े क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे जनपद के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
विधायक के इस प्रयास पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल,वरिष्ठ नेता सभासद राजीव द्विवेदी,नगर अध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव,पूर्व जिला मंत्री आशुतोष शुक्ला,राकेश अग्रहरी,जिला पंचायत सदस्य अभय बहादुर सिंह, संजीव शुक्ला, सानंदन पटेल, जिला मंत्री ठाकुर रौनियार, मोती जायसवाल, इंद्रजीत गुप्ता मुरली निगम सहित तमाम नगरवासियों ने सराहना की।
आर्यन श्रीवास्तव




