31 जुलाई तक हर हाल में पूरे करें परफॉर्मेंस ग्रांट के सभी कार्य, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: डीएम

महराजगंज(न्यूज पैच)। जिले की ग्राम पंचायतों में परफॉर्मेंस ग्रांट के तहत संचालित विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परफॉर्मेंस ग्रांट के अंतर्गत सभी अवशेष एवं प्रगति पर चल रहे कार्यों को हर हाल में 31 जुलाई 2026 तक पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में विभिन्न ग्राम पंचायतों में संचालित कार्यों की प्रगति, लंबित परियोजनाओं, भौतिक सत्यापन तथा निर्मित परिसंपत्तियों के उपयोग की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों एवं ग्राम पंचायत सचिवों को निर्देशित किया कि वे विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तय समयसीमा के भीतर पूरा कराएं। साथ ही नामित नोडल अधिकारियों को पूर्ण हो चुके कार्यों का भौतिक सत्यापन कर शीघ्र रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं का समय पर मूल्यांकन किया जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि परफॉर्मेंस ग्रांट की शेष धनराशि का उपयोग केवल जनहित से जुड़ी स्थायी सार्वजनिक परिसंपत्तियों के निर्माण में किया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो और लोगों को दीर्घकालिक लाभ मिल सके।
बैठक में सामुदायिक भवनों के संचालन एवं रखरखाव की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को सामुदायिक भवनों के संचालन के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी ग्राम पंचायतें निर्धारित एसओपी के अनुरूप ही इन भवनों का संचालन सुनिश्चित करें, ताकि सार्वजनिक परिसंपत्तियों का पारदर्शी, व्यवस्थित और प्रभावी उपयोग हो सके।
विकास कार्यों में पारदर्शिता और दस्तावेजीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने परफॉर्मेंस ग्रांट के अंतर्गत कराए गए सभी कार्यों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परियोजना का डिजिटल दस्तावेजीकरण कर एक डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जाए। साथ ही जिला सूचना अधिकारी को इन विकास कार्यों पर आधारित एक वृत्तचित्र (डॉक्यूमेंट्री) तैयार कराने के निर्देश दिए, ताकि जनपद में हुए विकास कार्यों का प्रभावी प्रस्तुतीकरण किया जा सके।
बैठक के दौरान बारातघर निर्माण कार्यों की समीक्षा में सिसवा विकासखंड के हरखपुरा ग्राम में डीपीआर तैयार न होने तथा रुद्रापुर में निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को संबंधित कार्यदायी संस्थाओं कंस्ट्रक्शन एंड कंस्ट्रक्शन तथा नालंदा इंजीकॉन को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और निर्माण कार्यों में तेजी लाकर समयबद्ध ढंग से पूरा कराने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, डीसी मनरेगा गौरवेंद्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा, डीसी उद्योग नीरज सिंह सहित सभी नामित नोडल अधिकारी, संबंधित ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित रहे।




