पूर्व सैनिकों की समस्याओं के निस्तारण को डीएम ने दिए निर्देश
जिला सैनिक बंधु की बैठक में भूमि विवाद, अतिक्रमण समेत आठ मामले आए

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सैनिक बंधु की बैठक हुई। इसमें भूतपूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की समस्याएं सुनी गईं।
बैठक में भूमि विवाद, सहायक उपकरण, साफ-सफाई और अवैध अतिक्रमण से जुड़े आठ प्रकरण प्रस्तुत किए गए। इनके त्वरित निस्तारण के लिए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि सैनिकों का देश और समाज के प्रति योगदान अमूल्य है। पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक अपनी समस्याएं सैनिक बंधु की बैठक की प्रतीक्षा किए बिना सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं। प्रत्येक मामले का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कमांडर (सेवानिवृत्त) बृज मोहन ने प्रशासन के सहयोग के प्रति आभार जताया। बैठक में भूतपूर्व सैनिक और उनके आश्रित मौजूद रहे।




