डीएम के औचक निरीक्षण में कई अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित, स्पष्टीकरण तलब
कलेक्ट्रेट के विभिन्न कार्यालयों का किया निरीक्षण, अभिलेखों के रखरखाव में लापरवाही पर जताई नाराजगी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति, अभिलेखों के रखरखाव और साफ-सफाई की व्यवस्था जांची। कई अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जिनसे स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय, जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय, नजारत, संयुक्त कार्यालय, भूलेख कार्यालय, कोषागार सहित अन्य कार्यालयों का जायजा लिया गया। अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों और कर्मचारियों में जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित चौधरी, खनन अधिकारी अजीत कुमार, नाजिर वेद प्रकाश, सहायक सांख्यिकी अधिकारी भूपेंद्र गुप्ता, डूडा कार्यालय के सीएलटीसी कृष्णमुनि और जनार्दन गुप्ता शामिल रहे।
इसके अलावा आपदा विशेषज्ञ चंदन कुमार, प्रधान सहायक दीपक कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ सहायक राजाराम चौधरी, मनोज धर दूबे और घनश्याम वर्मा, लेखपाल राम आशीष तथा भूलेख कार्यालय की चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हेमंती देवी भी अनुपस्थित मिलीं।
अभिलेखागार के निरीक्षण में अभिलेखों का रखरखाव और व्यवस्थित ढंग से रखे जाने की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए अभिलेखों को सुरक्षित और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
डीएम ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचने तथा साफ-सफाई और अभिलेखों के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार और अतिरिक्त उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




