जनगणना-2027: 16 नवंबर से शुरू होगी स्वगणना प्रक्रिया, व्यापक प्रचार के निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना-2027 के तहत स्वगणना की तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान उन्होंने 16 नवंबर से शुरू हो रही स्वगणना प्रक्रिया में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वगणना के व्यापक और प्रभावी संचालन से जनगणना का कार्य आसान होगा तथा सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त करने में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को क्षेत्र में भ्रमण करने और प्रगणकों को सक्रिय रूप से जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करने को कहा।
उन्होंने स्वगणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार अभियान चलाने पर जोर दिया। व्यापारियों, उद्यमियों, अधिवक्ताओं और पत्रकारों सहित विभिन्न समूहों का सहयोग लेने के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में डुग्गी-मुनादी कराने के साथ पेट्रोल पंप, गैस एजेंसियों, सरकारी कार्यालयों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता सामग्री प्रदर्शित कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों और नगरीय निकायों में जनगणना कंट्रोल रूम स्थापित करने का भी निर्देश दिया, ताकि कार्यों की नियमित निगरानी और समन्वय हो सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार ने जनगणना की आगामी प्रक्रियाओं और संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारी, चार्ज अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




