ब्रेकिंग न्यूजमहराजगंजयूपीलोकल न्यूज़

महराजगंज में ऋण वितरण की समीक्षा, सीडी रेशियो बढ़कर 73 प्रतिशत पहुंचा

वार्षिक ऋण योजना के तहत सितंबर तक 3,532 करोड़ रुपये वितरित, युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण देने में तेजी लाने के निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति (DLRC) एवं जिला परामर्शदात्री समिति (DCC) की बैठक हुई। बैठक में जनपद की बैंकिंग गतिविधियों, कृषि ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड, वार्षिक ऋण योजना और केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न ऋण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध ऋण उपलब्ध कराने तथा लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक भूपेन्द्र मिश्रा ने बताया कि सितंबर 2026 में जनपद का ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) बढ़कर 73 प्रतिशत हो गया है, जबकि जून में यह 72.63 प्रतिशत था। यह भारतीय रिजर्व बैंक के निर्धारित 60 प्रतिशत मानक और प्रदेश के औसत 55.97 प्रतिशत से अधिक है। सितंबर तक जनपद के बैंकों में कुल 9,823.70 करोड़ रुपये जमा हुए, जबकि 7,171.19 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया।

वार्षिक ऋण योजना में 43.93 प्रतिशत लक्ष्य हासिल

वित्तीय वर्ष 2026-27 की वार्षिक ऋण योजना के तहत सितंबर तक 8,039.90 करोड़ रुपये के निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 3,532.07 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया, जो लक्ष्य का 43.93 प्रतिशत है। इसमें कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों के लिए 1,270.93 करोड़ रुपये तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र में 1,339.61 करोड़ रुपये का ऋण वितरण शामिल है।

मुख्य विकास अधिकारी ने बैंक अधिकारियों को कृषि, एमएसएमई और अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में पात्र लाभार्थियों को अधिकाधिक ऋण उपलब्ध कराने तथा वार्षिक ऋण योजना के लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

605 युवाओं को मिला ऋण

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद में अब तक 605 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया जा चुका है। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि पात्र युवाओं के आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखे जाएं। बैंक और संबंधित विभाग आपसी समन्वय से निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऋण स्वीकृति एवं वितरण सुनिश्चित करें, ताकि युवाओं को स्वरोजगार और उद्यम स्थापना के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।

किसान क्रेडिट कार्ड से किसानों को लाभ देने पर जोर

कृषि ऋण की समीक्षा के दौरान छोटे एवं सीमांत किसानों को संस्थागत ऋण सुविधा उपलब्ध कराने और किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अधिकाधिक किसानों को लाभान्वित करने पर जोर दिया गया। बैठक में बताया गया कि पशुपालन के अंतर्गत 6,252 किसान क्रेडिट कार्ड खातों पर 82.89 करोड़ रुपये तथा मत्स्यपालन के अंतर्गत 150 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया गया है।

मुख्य विकास अधिकारी ने कृषि एवं संबंधित विभागों को पात्र किसानों की पत्रावलियां समय से बैंकों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे ऋण स्वीकृति और वितरण में अनावश्यक देरी न हो।

वित्तीय समावेशन अभियान के तहत गांवों में लगेंगे शिविर

बैठक में बताया गया कि 21 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में शिविर आयोजित कर पात्र व्यक्तियों को प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना से जोड़ा जाएगा। साथ ही निष्क्रिय जनधन खातों की री-केवाईसी भी कराई जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों और बैंक शाखाओं को अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

विभिन्न योजनाओं की भी हुई समीक्षा

बैठक में एनपीए एवं ऋण वसूली, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लाभार्थियों को वित्तीय सहायता, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री स्वनिधि, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, कृषि अवसंरचना निधि, पीएमएफएमई, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम तथा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने ऋण वितरण, वित्तीय समावेशन और स्वरोजगार सृजन के लक्ष्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर बल दिया।

बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक भूपेन्द्र मिश्रा, भारतीय रिजर्व बैंक के एजीएम सुधीर पाण्डेय, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक विवेक तिवारी, उपायुक्त उद्योग नीरज सिंह, उप कृषि निदेशक संजीव कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एजाज, जिला मिशन प्रबंधक एवं उपायुक्त स्वतः रोजगार मोहम्मद जाकिर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनपद के बैंक जिला समन्वयक उपस्थित रहे।

News Patch desk

News Patch का डेस्क अनुभवी और समर्पित पत्रकारों की एक टीम है, जो 24×7 सटीक, तेज और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए कार्यरत है। डेस्क टीम का मुख्य उद्देश्य हर खबर को तथ्यों के साथ परखकर, निष्पक्ष और संतुलित तरीके से प्रस्तुत करना है। डेस्क पर कार्यरत पत्रकारों को विभिन्न बीट्स—जैसे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दे, और ब्रेकिंग न्यूज़—का गहरा अनुभव है। टीम लगातार बदलते न्यूज़ ट्रेंड्स पर नजर रखती है और हर महत्वपूर्ण अपडेट को तुरंत कवर करती है। News Patch Desk की विशेषता उसकी गति और विश्वसनीयता है। टीम आधुनिक डिजिटल टूल्स और मजबूत संपादकीय प्रक्रिया के माध्यम से खबरों की गुणवत्ता बनाए रखती है। हर खबर को प्रकाशित करने से पहले उसकी पुष्टि और सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। डेस्क टीम का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि पाठकों को जागरूक और सूचित रखना है, ताकि वे सही जानकारी के आधार पर अपने विचार बना सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!