पीएम श्री स्कूल सोनरा में ई-कचरा प्रबंधन पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
खण्ड शिक्षा अधिकारी को सौंपा गया ई-कचरा डस्टबिन, विद्यार्थियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

महराजगंज।(न्यूज पैच)। विशेष अभियान 6.0 के तहत मंगलवार को पीएम श्री स्कूल सोनरा, सदर में ई-कचरा प्रबंधन (ई-वेस्ट मैनेजमेंट) विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती शशिबाला पटेल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं विद्यालय समुदाय को इलेक्ट्रॉनिक कचरे के सुरक्षित निस्तारण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की ओर से खण्ड शिक्षा अधिकारी बंशीधर सिंह को ई-कचरा डस्टबिन सौंपा गया। इसके माध्यम से बेकार पड़े इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री के सुरक्षित और व्यवस्थित निस्तारण को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
प्रधानाचार्य शशिबाला पटेल ने कहा कि डिजिटल युग में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में ई-कचरे का उचित प्रबंधन पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं विद्यालय समुदाय से ई-कचरे को सामान्य कूड़े में न फेंकने तथा उसके सुरक्षित निस्तारण के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
यह कार्यक्रम जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं जिला परियोजना कार्यालय, महराजगंज के निर्देशों तथा महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेशों के क्रम में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर अनुपमा सिंह, पूजा मिश्रा और नवनीत पाण्डेय सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




