महराजगंज में 30 अक्टूबर को शैक्षणिक अवकाश घोषित, डीएम ने जारी किया आदेश
पीईटी-2026 परीक्षा के मद्देनजर महराजगंज, फरेंदा और घुघली के शिक्षण संस्थान रहेंगे बंद

महराजगंज।(न्यूज पैच)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के मद्देनजर जनपद महराजगंज में 30 अक्टूबर 2026 को एक दिवसीय शैक्षणिक अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने इस संबंध में आदेश जारी कर संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है।
जारी आदेश के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को होने वाली पीईटी परीक्षा के दृष्टिगत नगर पालिका परिषद महराजगंज, नगर पंचायत फरेंदा और नगर पंचायत घुघली के क्षेत्रांतर्गत आने वाले सभी बोर्डों के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में एक दिन का शैक्षणिक अवकाश रहेगा।
जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ के निर्देशों और शासनादेश का हवाला देते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश की प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए भेजी गई है।
इन क्षेत्रों के शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा आदेश
शैक्षणिक अवकाश का आदेश नगर पालिका परिषद महराजगंज, नगर पंचायत फरेंदा और नगर पंचायत घुघली के अंतर्गत आने वाले शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा।




