मां दुर्गा के आह्वान को लेकर दुर्गा मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा
नगर के प्रमुख मार्गों पर बजरंग अखाड़ा के युवकों ने किया शौर्य कला का प्रदर्शन

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नगर के दुर्गा मंदिर प्रांगण से मां दुर्गा के आवाहन एवं विधिवत पूजा-अर्चना के लिए श्री श्री दुर्गा पूजा बजरंग अखाड़ा के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों के नेतृत्व में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, अखाड़े के युवकों और मंदिर समिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान नगर के प्रमुख मार्गों पर बजरंग अखाड़ा के युवकों ने एक से बढ़कर एक शौर्य कला का प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

कलश यात्रा दुर्गा मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर मऊपाकड़ स्थित दुर्गा मंदिर पहुंचा । इसके बाद नगर के सक्सेना चौराहा सहित प्रमुख मार्गों से होते हुए अमूर्तियां हनुमान मंदिर पहुंची। वहां से यात्रा फरेंदा रोड स्थित रामजानकी मंदिर पहुंची, वहां विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात कलश यात्रा वापस दुर्गा मंदिर परिसर पहुंची, जहां धार्मिक अनुष्ठान के साथ जुलूस का समापन हुआ।
इस अवसर पर दुर्गा मंदिर के पुजारी अवधेश पांडेय एवं कृष्ण मुरारी त्रिपाठी ने विधि-विधान से कलश पूजन कराया। यजमान के रूप में राजकुमार गुप्ता और उनकी धर्मपत्नी भी शामिल रही । पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कलश यात्रा के दौरान श्री श्री दुर्गा पूजा बजरंग अखाड़ा के खिलाड़ियों ने विभिन्न पारंपरिक खेलों और शौर्य कलाओं का प्रदर्शन किया। युवकों के प्रदर्शन को देखने के लिए नगर के विभिन्न स्थानों पर लोगों की भीड़ जुटी रही। खिलाड़ियों ने अपनी कला और कौशल का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों की सराहना प्राप्त की।
कार्यक्रम में दुर्गा मंदिर समिति के अध्यक्ष सुशील कुमार टिबड़ेवाल, महामंत्री रमाशंकर गुप्त, कोषाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, कैलाश नाथ गुप्ता, बृजमोहन गुप्ता, राजन सिंह, राजकुमार गुप्ता, विनोद कुमार गुप्ता, किशन कुमार गुप्ता, प्रांजल गुप्ता, कमलेश मोदनवाल, उमाशंकर शर्मा सहित मंदिर समिति के अन्य पदाधिकारी, अखाड़े के खिलाड़ी और सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
कलश यात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। धार्मिक अनुष्ठान और अखाड़े के युवकों के शौर्य प्रदर्शन से नगर का वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना रहा।




