महराजगंज में मतदेय स्थलों के सम्भाजन एवं युक्तिकरण की कार्यवाही निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार होगी

महराजगंज(न्यूज पैच)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद महराजगंज में मतदेय स्थलों के सम्भाजन एवं युक्तिकरण की कार्यवाही निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूर्ण कराई जाएगी। इस संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा समस्त उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 से 18 अक्टूबर तक मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण तथा नए मतदेय स्थल स्थापित करने हेतु प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। 19 अक्टूबर को आलेख्य सूची का प्रकाशन एवं राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराना, 26 अक्टूबर को प्राप्त शिकायतों व सुझावों के निस्तारण के बाद सूची को अंतिम रूप देना तथा 27 अक्टूबर 2026 को प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को भेजना निर्धारित है। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि समस्त कार्यवाही समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण करें।




