दि पैरामाउंट एकेडमी के विद्यार्थियों ने 5वीं इंटर-स्कूल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में गाड़ा परचम, जीते 15 पदक

महाराजगंज।(न्यूज पैच)। दि पैरामाउंट एकेडमी, शास्त्री नगर के मेधावी छात्र-छात्राओं ने 5वीं इंटर-स्कूल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में अकादमी के 15 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया और सभी ने पदक जीतकर अपनी प्रतिभा, अनुशासन एवं खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता में अकादमी के खिलाड़ियों ने 3 स्वर्ण, 5 रजत और 7 कांस्य सहित कुल 15 पदक अपने नाम किए। इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
स्वर्ण पदक विजेताओं में ओजल यादव, शिवांश देवराज और अंशिका श्रीवास्तव शामिल रहे। रजत पदक जीतने वालों में नेयोर शर्मा, सुयश शुक्ला, कार्तिक, अधीश और अव्यान यादव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं, कांस्य पदक विजेताओं में अधिश्री शुक्ला, आत्रेय मिश्रा, आयुषमान शर्मा, आरना सिंह, रिधिमा शुक्ला, आभ्रय गुप्ता और दिव्यांश गुप्ता ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती नेहा सिंघानिया ने सभी पदक विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और विपरीत परिस्थितियों का सामना करने का साहस विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भागीदारी भी आवश्यक है।
विद्यालय प्रबंधन एवं प्रशिक्षकों ने सभी खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण और खेल भावना की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। 15 पदकों की यह उपलब्धि दि पैरामाउंट एकेडमी की खेल प्रतिभा और विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रमाण है।




