शिक्षक एमएलसी चुनाव में ध्रुव कुमार त्रिपाठी की जीत के लिए भाजपा ने बनाई रणनीति
प्रभारी मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां, प्रभावी जनसंपर्क पर दिया जोर

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नगर स्थित लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में रविवार को उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ की उपस्थिति में भाजपा कार्यकर्ताओं की संवाद बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधान परिषद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए भाजपा समर्थित प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी की जीत सुनिश्चित करने के लिए जिलेव्यापी रणनीति तैयार की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि शिक्षक समाज राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। शिक्षकों के सम्मान, अधिकारों और हितों की रक्षा करना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्याशी के समर्थन में प्रभावी जनसंपर्क करने, शिक्षकों से संवाद स्थापित करने तथा पार्टी की नीतियों और प्रत्याशी के विचारों को उन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि चुनाव में सफलता के लिए संगठन की एकजुटता, आपसी समन्वय और प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है। बैठक में जिले की चुनावी योजना और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। संपर्क टोलियों तथा चुनाव प्रबंधन समिति के सदस्यों को सौंपी गई जिम्मेदारियों की जानकारी लेते हुए प्रभारी मंत्री ने तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही कार्यकर्ताओं से संवाद कर चुनावी अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सुझाव भी प्राप्त किए।
कई प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, जिला उपाध्यक्ष शैलेश पांडेय, जिला महामंत्री राजेश यादव एवं बबलू यादव, प्रभाकर दुबे, अश्वनी सिंह उर्फ माधुरी सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. शांतिशरण मिश्र, नगर अध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव, जिला मीडिया प्रभारी संजीव शुक्ला, जिला मंत्री बैजनाथ पटेल तथा पूर्व प्रमुख एवं भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री नरेंद्र खरवार उपस्थित रहे। इसके अलावा निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष, सुहेलदेव पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रदुमन शर्मा सहित अनेक प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।




