विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी तेज, महराजगंज में 12 अक्टूबर से ईवीएम-वीवीपैट की जांच
जिलाधिकारी ने ईवीएम वेयरहाउस का किया निरीक्षण, पारदर्शिता के साथ एफएलसी कराने के दिए निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जनपद में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) 12 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। इसकी तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने शनिवार को ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस खुलवाकर ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सहायक निर्वाचन अधिकारी को मशीनों को प्रथम स्तरीय जांच के लिए तैयार रखने को कहा।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाए और एफएलसी पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाए।
अधिकृत इंजीनियर करेंगे मशीनों की जांच
आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रत्येक निर्वाचन से पहले ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच की जाती है। यह जांच निर्माता कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में की जाती है। जांच में सफल मशीनों का ही चुनाव में उपयोग किया जाएगा। एफएलसी से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार, अतिरिक्त उपजिलाधिकारी विजय यादव एवं सिद्धार्थ गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




