पं. दीनदयाल जयंती पर इंटर कॉलेज में विविध कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने लिया उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प
संस्थापक विजय बहादुर सिंह ने दीनदयाल उपाध्याय को बहुआयामी व्यक्तित्व का धनी बताया, प्रधानाचार्य डॉ. शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने विचारों को बताया प्रासंगिक

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नगर स्थित पं. दीनदयाल इंटर कॉलेज में पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर श्रद्धांजलि सभा सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यालय के संस्थापक विजय बहादुर सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. शैलेन्द्र प्रताप सिंह, शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए संस्थापक विजय बहादुर सिंह ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय सादा जीवन, उच्च विचार और सरल व्यवहार के धनी थे। वे कुशल संगठनकर्ता, पत्रकार, राजनेता और समाजसेवक के रूप में बहुआयामी व्यक्तित्व के स्वामी थे। उन्होंने एक विकसित, सशक्त और समृद्ध राष्ट्र की परिकल्पना की तथा उसे साकार करने के लिए जीवनभर प्रयास किया।
प्रधानाचार्य डॉ. शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। किसी भी राष्ट्र की उन्नति में शिक्षा व्यवस्था की भूमिका सर्वोपरि होती है। उन्होंने कहा कि समाज को एकजुट रखने और विकास की मुख्यधारा से सभी को जोड़ने के लिए उपाध्याय जी ने एकात्म मानववाद और अंत्योदय जैसे विचारों पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने भी दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। जयंती के अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान चलाकर ‘स्वच्छता ही सेवा’ का संदेश भी दिया।




