ब्रेकिंग न्यूजमहराजगंजयूपीलोकल न्यूज़

पंच सम्मेलन में ग्रामीण रोजगार और विकास योजनाओं पर चर्चा

महराजगंज में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने पंचायती प्रतिनिधियों को 125 दिन की रोजगार गारंटी और विकास कार्यों की जानकारी दी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नवीन उपमंडी में शुक्रवार को पंच सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने की। सम्मेलन में ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, रोजगार सेवक और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

कार्यक्रम में विक्सित भारत-जी राम जी अधिनियम के तहत ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार की कानूनी गारंटी को 100 से बढ़ाकर 125 दिन किए जाने और गांवों में स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई। केंद्र सरकार के अनुसार इस कानून में जल सुरक्षा, ग्रामीण बुनियादी ढांचे, आजीविका से जुड़े संसाधनों और जलवायु अनुकूल कार्यों को प्राथमिकता दी गई है।

पंकज चौधरी ने कहा कि योजना के तहत तालाब, पोखर, चेकडैम, संपर्क मार्ग, पंचायत भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, नाली, हाट-बाजार, गौशाला, अनाज गोदाम और बाढ़ नियंत्रण जैसे कार्य कराए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि बुवाई और कटाई के प्रमुख मौसम में कुल 60 दिनों तक रोजगार कार्यों को रोकने की व्यवस्था की गई है, ताकि कृषि कार्यों के दौरान पर्याप्त श्रमिक उपलब्ध रहें।

उन्होंने कहा कि गांवों की जरूरत के अनुसार विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने में ग्राम सभाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। स्थानीय विकास योजनाओं में तकनीक, डिजिटल मॉनिटरिंग और जियो-स्पेशल मैपिंग का इस्तेमाल किया जाएगा। मजदूरी का भुगतान सीधे श्रमिकों के बैंक खातों में DBT के माध्यम से किए जाने की व्यवस्था भी बताई गई।

पंकज चौधरी ने ग्राम प्रधानों और पंचायत प्रतिनिधियों से योजना की जानकारी पात्र ग्रामीण परिवारों तक पहुंचाने तथा रोजगार के लिए पंजीकरण कराने में सहयोग करने की अपील की।

पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि नए प्रावधानों में ग्रामीण विकास के साथ किसानों के हितों को भी ध्यान में रखा गया है। सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि गांवों की स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों के चयन में ग्राम सभाओं की भूमिका अहम होगी।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि नए प्रावधानों में रोजगार के दिनों के विस्तार के साथ टिकाऊ विकास कार्यों पर भी जोर दिया गया है। उन्होंने कृषि सीजन के दौरान श्रमिकों की उपलब्धता बनाए रखने की व्यवस्था को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समापन पर मुख्य विकास अधिकारी ने अतिथियों और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अतिथियों को पौधों के स्मृति चिह्न भेंट किए गए।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, ब्लॉक प्रमुख पनियरा वेद प्रकाश शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख मिठौरा राम हरख गुप्ता सहित विभिन्न विकासखंडों के ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, रोजगार सेवक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

News Patch desk

News Patch का डेस्क अनुभवी और समर्पित पत्रकारों की एक टीम है, जो 24×7 सटीक, तेज और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए कार्यरत है। डेस्क टीम का मुख्य उद्देश्य हर खबर को तथ्यों के साथ परखकर, निष्पक्ष और संतुलित तरीके से प्रस्तुत करना है। डेस्क पर कार्यरत पत्रकारों को विभिन्न बीट्स—जैसे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दे, और ब्रेकिंग न्यूज़—का गहरा अनुभव है। टीम लगातार बदलते न्यूज़ ट्रेंड्स पर नजर रखती है और हर महत्वपूर्ण अपडेट को तुरंत कवर करती है। News Patch Desk की विशेषता उसकी गति और विश्वसनीयता है। टीम आधुनिक डिजिटल टूल्स और मजबूत संपादकीय प्रक्रिया के माध्यम से खबरों की गुणवत्ता बनाए रखती है। हर खबर को प्रकाशित करने से पहले उसकी पुष्टि और सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। डेस्क टीम का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि पाठकों को जागरूक और सूचित रखना है, ताकि वे सही जानकारी के आधार पर अपने विचार बना सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!