पनियरा पीएचसी पर नहीं मिला एचआरपी रजिस्टर स्टाफ नर्सों को चेतावनी
डिप्टी सीएमओ डॉ वीर विक्रम सिंह ने किया एक पीएचसी और चार आरोग्य मंदिर का औचक निरीक्षण निरीक्षण के दौरान डिगुरी आरोग्य मंदिर पर लटकता मिला ताला चारों आरोग्य मंदिरों पर अनुपस्थित मिली पांच एएनएम, एक सीएचओ सहित आठ स्वास्थ्य कर्मी

पनियरा, महराजगंज।(न्यूज पैच)। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ वीर विक्रम सिंह ने मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा तथा चार आयुष्मान आरोग्य मंदिर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां डिगुरी आरोग्य मंदिर पर ताला लटकता मिला, वहीं चारों आरोग्य मंदिरों पर पांच एएनएम , एक सीएचओ सहित आठ स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित मिली।
डिप्टी सीएमओ डॉ वीर विक्रम सिंह ने मंगलवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा पर आयोजित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस (पीएमएसएमए) का जायजा लिया तो यहां कुल 51 गर्भवती महिलाओं ने एएनसी चेक-अप कराया, इनमें से 18 गर्भवती उच्च जोखिम गर्भावस्था वाली मिली। गर्भवती महिलाओं को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएमओ डॉ सिंह ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान सभी गर्भवती कम से चार बार एएनसी चेक-अप जरूर कराएं। पौष्टिक आहार तथा अस्पताल से मिलने वाली दवाओं का सेवन जरूर करें।
डिप्टी सीएमओ ने जब स्टाफ नर्स काजल तथा मीनाक्षी एरियर से एचआरपी रजिस्टर मांगा तो दोनों द्वारा रजिस्टर उपलब्ध नहीं कराया जा सका,जिस पर नाराजगी जाहिर करते हुए दोनों स्टाफ नर्सों को चेतावनी देते हुए कहा कि मातृ शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए गर्भवती महिलाओं की ट्रेकिंग व फॉलोअप के लिए एचआरपी रजिस्टर बहुत जरूरी होता है। वहीं पर आयुष महिला चिकित्सक डॉ नाहिदा के कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्हें निर्देशित किया कि वह एचआरपी रजिस्टर का नियमित फॉलोअप करती रहें।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर धर्मपुर पर एएनएम रेखा देवी, विगनावती एचवी तथा स्वास्थ्य कर्मी रागिनी मिश्रा तथा आरोग्य मंदिर छपिया पर एएनएम सालिनी व रीता अनुपस्थित मिली। इसी प्रकार आरोग्य मंदिर अंध्या पर एएनएम सीमा प्रजापति तथा डिंगुरी पर सीएचओ रंजना पासवान तथा एएनएम शीला मिश्रा अनुपस्थित मिली।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित मिली धर्मपुर की सीएचओ नंदिनी मल्ल, छपिया की प्रीति सिंह तथा अन्ध्या की सीएचओ विभा शुक्ला को 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग करने, टेली कंसल्टेंशन करने, रेफरल के साथ साथ मानक के अनुरूप फॉलोअप करते रहने का निर्देश दिया।




