फुरसतपुर बाजार में इंटरलॉकिंग सड़क के लिए विधायक ने वन विभाग से मांगी अनुमति

महराजगंज।(न्यूज पैच)। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के पकड़ी रेंज अंतर्गत ग्राम बरगदवा राजा के फुरसतपुर बाजार में इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण की मांग को लेकर सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने मंगलवार को लखनऊ में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव), उत्तर प्रदेश अनुराधा वेमुला से मुलाकात की।
विधायक ने विभागीय आगणन के साथ पत्र सौंपते हुए सड़क निर्माण की अनुमति देने और आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि फुरसतपुर बाजार वन क्षेत्र से बाहर स्थित है, जहां सैकड़ों लोग रोजगार से जुड़े हैं और बाजार की विभागीय नीलामी से वन विभाग को राजस्व भी प्राप्त होता है।
विधायक ने कहा कि खराब सड़क के कारण बरसात के मौसम में दुकानदारों, ग्रामीणों और वनटांगिया समुदाय के लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। इंटरलॉकिंग सड़क बनने से बाजार तक पहुंच आसान होगी और कीचड़ व जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी।
उन्होंने आश्वासन दिया कि सड़क निर्माण में होने वाला खर्च विधायक निधि से उपलब्ध कराया जाएगा। विधायक ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही इस मांग के पूरा होने से स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस दौरान विधायक के सहयोगी संजीव शुक्ला, देवेंद्र पांडेय, गोविंद जायसवाल और छोटे जायसवाल मौजूद रहे।




