नागपंचमी पर पोखरे में डूबा युवक, NDRF टीम ने शुरू किया तलाश अभियान
पुतरी पीटने की रस्म के दौरान हुआ हादसा, पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नागपंचमी पर्व पर सोमवार को पुतरी पीटने के दौरान एक युवक पोखरे में डूब गया। हादसे के बाद युवक का कोई पता नहीं चल सका है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तलाश शुरू कराई। बाद में NDRF की टीम भी मौके पर पहुंची और पोखरे में युवक की तलाश की जा रही है।
बताया गया कि 28 वर्षीय बबलू पुत्र रामकिशुन, निवासी लक्ष्मीपुर कोर्ट, सिंदुरिया, नागपंचमी के अवसर पर पुतरी पीटने के लिए पोखरे पर गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। युवक की तलाश के लिए NDRF टीम को भी बुलाया गया।
पोखरे में युवक की तलाश लगातार जारी है। मौके पर एसओ, मनीष सिंह समेत पुलिस टीम मौजूद है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। हादसे के बाद युवक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।




