पीआरडी जवानों का मानदेय अब 600 रुपये प्रतिदिन, परिवारों को 5 लाख तक कैशलेस इलाज
गोरखपुर में मुख्यमंत्री के सम्मेलन का महराजगंज में हुआ सीधा प्रसारण, बड़ी संख्या में जवानों ने देखा कार्यक्रम

महराजगंज।(न्यूज पैच)। पीआरडी जवानों के हित में प्रदेश सरकार की ओर से की गई घोषणाओं को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित पीआरडी जवानों के सम्मेलन का सीधा प्रसारण महराजगंज में बड़ी संख्या में पीआरडी जवानों और अधिकारियों ने देखा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने की। उन्होंने कहा कि अच्छी सरकार का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और प्रदेश सरकार इसी दिशा में काम कर रही है।
250 रुपये से बढ़कर 600 रुपये हुआ मानदेय
सदर विधायक ने कहा कि पूर्व में पीआरडी जवानों को 250 रुपये प्रतिदिन मानदेय मिलता था और कार्य दिवस भी सीमित थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मानदेय को पहले 375 रुपये, फिर 395 रुपये और इसके बाद 500 रुपये प्रतिदिन किया गया। अब मुख्यमंत्री ने इसे बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने की घोषणा की है।
उन्होंने कहा कि पीआरडी जवानों को विभिन्न स्थानों पर नियमित रूप से कार्य करने के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उन्हें रोजगार के अधिक अवसर मिल सकें।
परिवारों को 5 लाख तक कैशलेस इलाज
विधायक ने बताया कि पीआरडी परिवार कल्याण योजना के तहत जवानों और उनके परिजनों के लिए पांच लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की घोषणा की गई है। इससे जवानों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारी हित और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए लगातार फैसले ले रही है।
कलेक्ट्रेट में जवानों ने देखा सीधा प्रसारण
गोरखपुर में आयोजित सम्मेलन का सीधा प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में उपस्थित पीआरडी जवानों और अधिकारियों ने देखा। कार्यक्रम से पहले मुख्य विकास अधिकारी ने सदर विधायक को पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, बीओ बृजेश कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में पीआरडी जवान और अधिकारी मौजूद रहे।




