संत रविदास जन्मस्थल की पावन मिट्टी युक्त कलश यात्रा का महराजगंज में भव्य स्वागत
सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने किया अभिनंदन, विभिन्न मंदिरों में पूजन-अर्चन और पुष्पवर्षा

महराजगंज।(न्यूज पैच)। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के पावन जन्मस्थल की मिट्टी युक्त कलश यात्रा का शुक्रवार को सदर विधानसभा क्षेत्र में भव्य स्वागत किया गया। सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया के नेतृत्व में सैकड़ों श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और “संत रविदास महाराज की जय” तथा “गुरु गोरक्षनाथ की जय” के जयघोष के बीच यात्रा का स्वागत किया। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का अभिनंदन करते हुए संत रविदास के समरसता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कलश यात्रा का प्रथम स्वागत चेहरी स्थित कुकुरगाढ़े दुर्गा मंदिर में किया गया। यहां विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने श्रद्धापूर्वक कलश को अपने सिर पर धारण कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद यात्रा नगर क्षेत्र पहुंची, जहां भाजपा नगर अध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।
इसके उपरांत यात्रा दरहटा दुर्गा मंदिर पहुंची, जहां भी विधायक ने कलश को सिर पर रखकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद चौक स्थित गुरु गोरक्षनाथ मंदिर में मंडल अध्यक्ष अशोक पटेल एवं सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। चौक से यात्रा सिंदुरिया दुर्गा मंदिर होते हुए दुर्गा मंदिर महराजगंज पहुंची, जहां पुनः पूजा-अर्चना की गई। अंत में कलश यात्रा खेम पिपरा स्थित संत रविदास मंदिर पहुंची, जहां भजन-कीर्तन, आरती और पूजन के साथ यात्रा का विश्राम हुआ।
इस अवसर पर सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने समाज को समता, सद्भाव, प्रेम और मानव सेवा का अमूल्य संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उनके जन्मस्थल की पावन मिट्टी युक्त कलश यात्रा समाज को सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता के सूत्र में जोड़ने का कार्य कर रही है। संत रविदास के विचार आज भी लोगों को भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
सदर प्रमुख इंजीनियर विवेक गुप्ता ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन सामाजिक समरसता, श्रम की गरिमा और समानता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की आध्यात्मिक यात्राएं समाज में भाईचारे की भावना को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को संतों के आदर्शों से जोड़ने का कार्य करती हैं।
जिला महामंत्री बबलू यादव ने कहा कि संत रविदास जी ने अपने जीवन और वाणी से समाज को एकता, सदाचार और सेवा का संदेश दिया। उनके अनुसार यह कलश यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और समरसता का अभियान है, जिसमें सभी वर्गों की सहभागिता समाज को नई दिशा प्रदान करेगी।
इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष एवं यात्रा प्रभारी आकाश गुप्ता, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, मंडल अध्यक्ष टाइगर तिवारी, प्रमोद पासवान, राजेंद्र पटेल, प्रधान कमलेश वर्मा, प्रमुख प्रतिनिधि रामहरख गुप्ता, चौक नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय मधेशिया, छोटे जायसवाल, राकेश अग्रहरी, राधेश्याम कन्नौजिया, डॉ. भिखारी कन्नौजिया, सभासद त्रिभुवन गुप्ता, सोनू पांडेय, राकेश गौड़, मुद्रिका हिंदुस्तानी, परशुराम जायसवाल, ओम प्रकाश जायसवाल, अजय पटेल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




