बाल संरक्षण से संबंधित संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें

महराजगंज।(न्यूज पैच)। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद में बाल संरक्षण एवं किशोर न्याय व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन सभागार में विशेष किशोर पुलिस इकाई की बैठक हुई।
बैठक में जनपद के समस्त थानों के नामित बाल कल्याण पुलिस अधिकारी महिला पुलिस कर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक के दौरान किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम-2015, बच्चों के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम, गुमशुदा एवं परित्यक्त बच्चों की बरामदगी, बाल श्रम, बाल विवाह, मानव तस्करी, बाल यौन शोषण तथा संकटग्रस्त बच्चों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा ने कहा कि प्रत्येक बच्चा सुरक्षित बचपन और सम्मानजनक जीवन का अधिकार रखता है तथा ऐसे मामलों में पुलिस की भूमिका केवल कानून लागू करने तक सीमित नहीं, बल्कि बच्चों के प्रति संवेदनशील अभिभावक की भी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि बच्चों से जुड़े प्रत्येक प्रकरण में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा बाल संरक्षण से संबंधित संस्थाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें।
बैठक में अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि थानों पर आने वाले बच्चों एवं उनके परिजनों के साथ मित्रवत व्यवहार किया जाए, गुमशुदा बच्चों की शीघ्र बरामदगी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा “बच्चों की सुरक्षा-सम्मान, महराजगंज पुलिस का संकल्प” की भावना के साथ कार्य किया जाए।




