नौतनवा को मिली आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने किया ‘प्रयास केयर हॉस्पिटल’ का उद्घाटन

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नौतनवा क्षेत्र के लोगों को गुरुवार को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की बड़ी सौगात मिली। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने नौतनवा में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित ‘प्रयास केयर हॉस्पिटल’ का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने फीता काटकर अस्पताल का शुभारंभ किया तथा अस्पताल का निरीक्षण कर उपलब्ध चिकित्सा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति का आधार बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को उपचार की सुविधा मिली है और अब निजी क्षेत्र भी आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘प्रयास केयर हॉस्पिटल’ नौतनवा ही नहीं बल्कि पूरे सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों के लिए वरदान साबित होगा। अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को बड़े शहरों की ओर भागना नहीं पड़ेगा। आधुनिक मशीनों, विशेषज्ञ चिकित्सकों और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं से युक्त यह अस्पताल क्षेत्रवासियों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराएगा। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा जताई कि यह संस्थान सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण की भावना के साथ लोगों की सेवा करेगा।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, विधायक जयमंगल कन्नौजिया, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, अस्पताल के डायरेक्टर अक्षय प्रताप सिंह एवं अर्पित श्रीवास्तव, अस्पताल के संरक्षक बबलू सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष समीर तिवारी, यशकांत सिंह, अजय कुमार श्रीवास्तव, संतोष सिंह, वृजेन्द्र श्रीवास्तव, लालचंद्र चौधरी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, चिकित्सक, गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




