शिक्षक पात्रता परीक्षा की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा, केंद्रों पर व्यवस्थाएं परखी, नकलविहीन परीक्षा कराने के दिए निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने गुरुवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, मूलभूत सुविधाओं और परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए अधिकारियों को शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने पंचायत इंटर कॉलेज तथा शिवजपत सिंह जनता इंटर कॉलेज, भिटौली बाजार का दौरा किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों, कंट्रोल रूम, अभ्यर्थियों की जांच व्यवस्था, प्रवेश द्वार तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर केंद्र व्यवस्थापकों से तैयारियों की जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए क्लॉक रूम, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त एवं सुविधाजनक फर्नीचर, स्वच्छ शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूर्ण कर ली जाएं।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि अभ्यर्थियों की जांच निर्धारित मानकों के अनुसार की जाए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन बनाने के लिए केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षक पात्रता परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान पंचायत इंटर कॉलेज में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा नामित प्रेक्षक एवं सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी शिव प्रसाद उपाध्याय ने भी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्र पर की गई तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं की सराहना की।
जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि शिक्षक पात्रता परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।




