पैरामाउंट एकेडमी में धूमधाम से मनाया गया मातृ दिवस

महाराजगंज।(न्यूज पैच)। स्थानीय द पैरामाउंट एकेडमी में मातृ दिवस का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों द्वारा माँ की ममता और महिमा को समर्पित कई मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित श्रीमती जूही सिंह जी, डॉ. नेहा यादव जी, डॉ. अफ़ीफ़ा अफ़िया जी, श्रीमती पद्मावती मिश्रा जी और श्रीमती आशा यादव जी तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती नेहा सिंहानिया द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। विद्यालय परिवार द्वारा सभी नवागंतुक महिला अतिथियों का बुके भेंट कर और बैज लगाकर भव्य स्वागत किया गया। बच्चों ने छुए माँ के चरण, दिया सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने ‘माँ’ शब्द की महत्ता पर आधारित भावुक गीतों, प्रेरक कविताओं और शानदार नृत्य नाटकों की प्रस्तुतियां दीं।
इसी क्रम में एक बेहद भावुक क्षण तब आया जब बच्चों ने अपनी-अपनी माताओं के चरण छूकर उनका आशीर्वाद लिया, उन्हें तिलक लगाया और अपने हाथों से बने सुंदर कार्ड्स देकर सम्मानित किया। बच्चों का अपनी माताओं के प्रति यह निश्चल प्रेम और आदर देखकर पंडाल में मौजूद सभी की आँखें नम हो गईं। इसी के साथ-साथ सभी माता के लिए विभिन्न प्रकार के खेलों का भी आयोजन किया गया जिसमें प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली माता को सम्मानित कर उपहार दिया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से कहा कि संसार में माँ का स्थान ईश्वर से भी ऊपर है। एक शिक्षित और संस्कारी माँ ही उन्नत समाज का निर्माण करती है। उन्होंने पैरामाउंट एकेडमी द्वारा बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ ऐसे उच्च संस्कार देने के इस प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती नेहा सिंहानिया ने सभी सम्मानित अतिथियों और माताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के जीवन को संवारने में माँ की भूमिका अतुलनीय है। उन्होंने बच्चों को सदैव माता-पिता का आदर करने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रबंध समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में माताएं व अभिभावकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
आर्यन श्रीवास्तव




